
रिपोर्ट : सुखपाल सिंह
लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र के करीमाबाद बड़ा गांव में मंगलवार को दर्दनाक हादसा सामने आया। घर की छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों में विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली।
मृतक की पहचान मो. कालिम पुत्र रमजान, निवासी सरावहा गांव, थाना माखी, जनपद उन्नाव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कालिम करीमाबाद बड़ा गांव में मौजूद था। इसी दौरान घर की छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
इसके बाद ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और घुरघुरी तालाब चौकी प्रभारी छत्रजीत सिंह की मौजूदगी में परिजनों एवं ग्रामीणों की सहमति से पंचनामा भरकर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं ग्रामीणों ने घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे स्थानों पर विद्युत लाइनों की सुरक्षा और मानकों की जांच कराकर संभावित हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
नोट: यह खबर उपलब्ध जानकारी और स्थानीय स्तर पर बताए गए तथ्यों के आधार पर तैयार की गई है। विद्युत विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया मिलने पर उसे भी खबर में शामिल किया जा सकता है।


Leave a Reply