पारा में महिला की चेन लूट का 24 घंटे में खुलासा, मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार सीसीटीवी से मिला सुराग, लूटी गई 10.960 ग्राम चेन के दोनों टुकड़े बरामद |

रिपोर्ट सुखपाल सिंह|


| लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र में महिला के गले से सोने की चेन लूटने की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटी गई चेन के दोनों टुकड़े बरामद कर शत-प्रतिशत माल बरामदगी का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर की शाम मुन्नूखेड़ा स्थित ऊषा हॉस्पिटल के पास अपनी बेटी को ट्यूशन से लेने जा रहीं अर्चना सिंह के गले से अज्ञात बदमाश चेन लूटकर फरार हो गया था। पीड़िता की तहरीर पर थाना पारा में मुकदमा दर्ज किया गया था।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल अमन यादव उर्फ अजय देवगन (20), निवासी अजीतन खेड़ा, काकोरी को गिरफ्तार किया। उसके साथ लूटी गई चेन खरीदने के आरोप में प्रमोद कुमार जैसल (35), निवासी प्रयागराज, हाल पता आशियाना, लखनऊ को भी पकड़ा गया।
₹15 हजार में बेचा था चेन का हिस्सा पूछताछ में पुलिस के अनुसार, अमन यादव ने चेन लूटने के बाद उसे दो टुकड़ों में तोड़ दिया था। बड़ा हिस्सा उसने आशियाना स्थित गोदाम मैनेजर प्रमोद कुमार जैसल को 15 हजार रुपये में बेच दिया, जबकि छोटा हिस्सा अपने पास रख लिया था। पुलिस ने प्रमोद के कब्जे से 7.280 ग्राम और अमन के पास से 3.680 ग्राम, कुल 10.960 ग्राम पीली धातु की चेन बरामद की।
मामले में लूट की धारा 309(4) BNS समेत धारा 317(2)/317(5) की बढ़ोतरी की गई है। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह के निर्देशन में चौकी प्रभारी हंसखेड़ा मुन्ना लाल व पुलिस टीम ने की।