रणभूमि 2026’ में वॉलीबॉल का रोमांचक मुकाबला संपन्न, बालक वर्ग में सेंट एंथनी और बालिका वर्ग में सेंट जॉन वियानी बना विजेतालखनऊ।

रिपोर्ट सूपाल सिंह !
राजधानी लखनऊ के रजनीखंड स्थित सेंट्रल पब्लिक स्कूल में आयोजित छह दिवसीय अंतरविद्यालयी खेल महोत्सव ‘रणभूमि 2026 – संकल्प से विजय तक’ के अंतर्गत अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का शानदार समापन हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। क्वार्टर फाइनल से लेकर फाइनल तक मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
बालिका वर्ग में सेंट जॉन वियानी ने मारी बाजी
अंडर-17 बालिका वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सेंट जॉन वियानी स्कूल की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। डीपीएस एल्डिको की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि सेंट्रल एकेडमी, इंदिरा नगर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
बालक वर्ग में सेंट एंथनी पब्लिक स्कूल बना चैंपियन
वहीं अंडर-17 बालक वर्ग में सेंट एंथनी पब्लिक स्कूल, पारा की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। सेंट जॉन वियानी स्कूल की टीम दूसरे और एस.आर. ग्लोबल स्कूल की टीम तीसरे स्थान पर रही।


विशिष्ट अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में फेंसिंग एसोसिएशन के सचिव श्री यूजिन पाल, जिला खो-खो एसोसिएशन के सचिव श्री राजेश कुमार वर्मा तथा अवध बार एसोसिएशन के सचिव श्री बालकेश्वर श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक श्री टी.एन. पांडेय एवं प्रधानाचार्या डॉ. दिव्या पांडेय ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से उपहार एवं सम्मान प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
शिक्षा के साथ खेलों को भी दिया जा रहा विशेष महत्व
विद्यालय के निदेशक श्री टी.एन. पांडेय एवं प्रधानाचार्या डॉ. दिव्या पांडेय ने सभी विजेता टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


प्रधानाचार्या डॉ. दिव्या पांडेय ने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया जाता है। इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।


वहीं विद्यालय के मीडिया प्रभारी विक्रम कश्यप ने बताया कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उनके सर्वांगीण एवं मानसिक विकास के उद्देश्य से विद्यालय में लगातार खेल प्रतियोगिताओं और शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। ‘रणभूमि 2026’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिल रहा है।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। खिलाड़ियों, शिक्षकों और आयोजकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
सत्य सटीक सूचना | लखनऊ